चंबा में पंचायत चुनावों की तैयारियां तेज, 3.99 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत

चंबा 12 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जानकारी दी कि पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत जिले में कुल 3,99,858 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1,96,932 महिला तथा 2,02,926 पुरुष मतदाता शामिल हैं।उपायुक्त ने विभिन्न विकास खंडों के मतदाताओं का विस्तृत ब्यौरा भी साझा किया। उनके अनुसार, विकास खंड भटियात में कुल 92,395 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 45,955 महिलाएं और 46,440 पुरुष हैं। पांगी में 15,201 मतदाताओं में 7,310 महिलाएं और 7,891 पुरुष शामिल हैं। भरमौर में कुल 35,228 मतदाताओं में 16,657 महिला और 18,571 पुरुष हैं। चंबा विकास खंड में 61,541 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 30,541 महिलाएं और 31,000 पुरुष हैं।इसी प्रकार, मैहला में 69,059 मतदाताओं में 33,943 महिला और 35,116 पुरुष, सलूणी में 64,159 मतदाताओं में 31,970 महिला और 32,189 पुरुष तथा तीसा में 62,275 मतदाताओं में 30,556 महिला और 31,719 पुरुष मतदाता पंजीकृत हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार मतदान करने वाले 18 वर्ष आयु वर्ग के 1,741 नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें भरमौर में 240, भटियात में 315, चंबा में 214, मैहला में 314, पांगी में 56, सलूणी में 310 तथा तीसा में 292 युवा मतदाता शामिल हैं।उपायुक्त ने यह भी बताया कि जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के 7 वरिष्ठ मतदाता भी इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र हैं। इनमें भटियात की 109 वर्षीय आशा देवी सबसे अधिक उम्रदराज मतदाता हैं।उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा सभी पात्र मतदाताओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।