रंगड़ स्कूल परिसर में लगा खतरनाक डंगा बना बच्चों के लिए जोखिम, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

डलहौजी/ चम्बा 15 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकासखंड भटियात के अंतर्गत ग्राम पंचायत नगाली के गांव रंगड़ स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय सामने आया है। विद्यालय परिसर में लगाया गया डंगा (सुरक्षा दीवार/ढांचा) जर्जर स्थिति में है, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। स्कूल में पढ़ने आने वाले छोटे-छोटे बच्चे खेल-खेल में इस डंगे के पास जाते हैं, जिससे उनके चोटिल होने या किसी बड़े हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।इस गंभीर समस्या को लेकर स्कूल प्रबंधन, स्कूल मैनेजिंग कमेटी (SMC) और अभिभावकों ने कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन को लिखित शिकायतें भेजी हैं।

बावजूद इसके अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और यदि समय रहते इस डंगे की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूल प्रबंधन ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान निकालने का आग्रह किया है।

उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन इस मामले में लापरवाही स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
