जिला चंबा में पंचायत चुनाव 2026 में 4 प्रधान, 7 उपप्रधान सहित 400 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

चम्बा 18 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत कई पदों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है, जो स्थानीय स्तर पर सहमति और समन्वय का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 4 प्रधान, 7 उप प्रधान तथा 400 पंचायत सदस्य बिना किसी मुकाबले के निर्वाचित घोषित किए गए हैं।उन्होंने बताया कि विकास खंड भरमौर में ग्राम पंचायत तुंदाह से 1 प्रधान, नयाग्रां और गरौंडा पंचायतों से 2 उप प्रधान तथा 45 पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं, विकास खंड भटियात में 96 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विकास खंड चंबा में ग्राम पंचायत चीलबंगला से 1 उप प्रधान और 57 पंचायत सदस्य बिना मुकाबले के चुने गए।इसी क्रम में विकास खंड मैहला में ग्राम पंचायत फागड़ी और भटवाड़ा से 2 प्रधान, कुठेड़ और बसौदन पंचायतों से 2 उप प्रधान तथा 67 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। विकास खंड पांगी में 21 पंचायत सदस्य, जबकि विकास खंड सलूणी में 1 प्रधान, 1 उप प्रधान और 61 पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं, विकास खंड तीसा की ग्राम पंचायत दियोला से 1 उप प्रधान और 53 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।उपायुक्त ने यह भी बताया कि विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत करवाल में प्रधान, उप प्रधान सहित सभी पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, जो पंचायत स्तर पर आपसी सहमति और एकजुटता का उदाहरण है।प्रशासन ने इस शांतिपूर्ण और सहमति आधारित निर्वाचन प्रक्रिया को लोकतंत्र के लिए सकारात्मक बताया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि निर्वाचित प्रतिनिधि ग्रामीण विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पंचायतों के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।