भरमौर की 31 पंचायतों में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न, नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों से विकास की उम्मीद

भरमौर/चम्बा 29 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के विकास खंड भरमौर की 31 पंचायतों में पंचायती राज चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर सभी नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए योग्य प्रतिनिधियों को चुनकर पंचायतों के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है।चुनाव प्रक्रिया के दौरान जनता, प्रशासन, कर्मचारियों एवं सभी प्रत्याशियों द्वारा बनाए गए सौहार्दपूर्ण वातावरण की सराहना की जा रही है। यह चुनाव न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करता है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर भागीदारी और जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ाता है।INTUC फेडरेशन जिला चंबा के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि चुने गए प्रतिनिधियों के ऊपर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करें।सुरेश शर्मा ने विशेष रूप से युवाओं के भविष्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि भरमौर की सभी पंचायतें आपसी भाईचारे, एकता और सहयोग की भावना के साथ विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी तथा क्षेत्र को प्रगति की नई दिशा देंगी।अंत में उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को पुनः बधाई देते हुए जनता के विश्वास पर खरा उतरने का आह्वान किया।