समस्त जिला चम्बा में दूसरे चरण के नतीजों में कांग्रेस का दबदबा, 70% से अधिक सीटों पर समर्थित प्रत्याशियों की जीत :- सुरजीत सिंह भरमौरी

चम्बा 29 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा जिला में नगर निकाय चुनावों के बाद अब पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी ने अपना वर्चस्व स्थापित कर लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 70 प्रतिशत से अधिक प्रधान और उप-प्रधान पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इस परिणाम को कांग्रेस के लिए एक बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह जीत केवल पार्टी की नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों को जनता ने सराहा है, जिसका सीधा असर चुनाव परिणामों में देखने को मिला है।वहीं दूसरी ओर, इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। कई स्थानों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंडल अध्यक्ष तक अपने गृह क्षेत्रों में चुनाव हार गए हैं। सुरजीत शर्मा भरमौरी ने इसे भाजपा की नीतियों के प्रति जनता के बढ़ते अविश्वास का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून के स्वरूप में बदलाव करने का निर्णय भी ग्रामीण मतदाताओं को रास नहीं आया, जिसका प्रभाव चुनावों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए उठाए गए कदमों को जनता ने समर्थन दिया है। यही कारण है कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।अंत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चम्बा की जागरूक और प्रबुद्ध जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी पांच वर्षों में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।