छतराडी मेले को मिला राज्य स्तरीय दर्जा, 31 वर्षों पुराना सपना हुआ साकार

चंबा/भरमौर 07 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा/भरमौर 07 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं से जुड़े ऐतिहासिक छतराडी मेले को प्रदेश सरकार द्वारा राज्य स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान कर दिया गया है। वर्ष 1995 से जिला स्तरीय पहचान रखने वाले इस मेले को अब राज्य स्तरीय दर्जा मिलने से क्षेत्रवासियों का 31 वर्षों पुराना सपना पूरा हो गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की जनता, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं।उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा शाहपुर के विधायक का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहितैषी सोच और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।सुरजीत शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय दर्जा मिलने से छतराडी मेले की पहचान प्रदेशभर में और मजबूत होगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा प्राप्त होगी।उन्होंने आगे बताया कि सरकार का अगला लक्ष्य श्री मणिमहेश यात्रा को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाना है। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं और एसडीएम भरमौर के साथ बैठक कर दस्तावेजी कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

अंत में उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए इसे जनसहयोग, जनआस्था और सामूहिक प्रयासों की बड़ी जीत बताया।