ओक ओवर, शिमला से मुख्यमंत्री ने ALS एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, आपात स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल

शिमला, 08 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो )
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आज ओक ओवर, शिमला से एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को जनसेवा के उद्देश्य से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाना है, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ALS एम्बुलेंस अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित हैं, जो आपात स्थिति में मरीजों को मौके पर ही उन्नत जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने बताया कि इन एम्बुलेंस के माध्यम से गंभीर मरीजों को शीघ्र और सुरक्षित रूप से नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा, जिससे उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गति, गुणवत्ता और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन एम्बुलेंस सेवाओं का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी इसका पूरा लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी और प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत बनाएगी।