टांडा मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विभाग में डॉक्टरों की कमी पर उठे सवाल, मरीजों की बढ़ी चिंता

टांडा मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विभाग में डॉक्टरों की कमी पर उठे सवाल, मरीजों की बढ़ी चिंता

कांगड़ा 08 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा के हृदय रोग विभाग की स्थिति इन दिनों गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। इस बात की जानकारी भरमौर पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ जनक राज ने सांझा करते हुए बताया विभाग में कार्यरत एकमात्र सक्रिय हृदय रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह विभाग बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के चलते अब मरीजों और उनके परिजनों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। तो वहीं लोगों का कहना है कि पहले ही सीमित संसाधनों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही थीं, ऐसे में एकमात्र विशेषज्ञ के स्थानांतरण ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया है।इस मुद्दे पर सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली सरकार से लोग यह जानना चाहते हैं कि गंभीर बीमारियों का इलाज अब किस प्रकार सुनिश्चित किया जाएगा। क्या पहले से ही डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे विभागों को और कमजोर करना ही नई व्यवस्था का हिस्सा है? जनता का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती हैं और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सीधे लोगों के जीवन से जुड़ी होती है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करे और हृदय रोग विभाग में पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करे।स्थानीय नागरिकों और मरीजों ने सरकार से इस मुद्दे पर तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि लोगों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं में विश्वास कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!