100वें सालाना दीवान पर बट्ट ग्रुप द्वारा छबील सेवा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया जलरुपी प्रसाद

डलहौजी/ चम्बा 10 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
100वें सालाना दीवान पर बट्ट ग्रुप द्वारा छबील सेवा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया जलरुपी प्रसाद
डलहौजी के सदर बाजार स्थित श्री गुरु सिंह सभा द्वारा आयोजित 100वें सालाना दीवान के पावन अवसर पर बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, बोंखरी मोड़ के स्टाफ सदस्यों ने संस्थान परिसर में मीठे शरबत एवं फलों की छबील लगाकर सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। बुधवार से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक, स्थानीय निवासी और राहगीर छबील सेवा का लाभ लेने पहुंचे।दिनभर चले इस सेवा कार्य में सैकड़ों लोगों को मीठा शरबत पिलाया गया और फलों का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान सेवा भाव से ओत-प्रोत स्टाफ सदस्यों और प्रशिक्षुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।

छबील सेवा में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु साहिबानों की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संदेश दिया।इस अवसर पर बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने कहा कि गुरु साहिबानों की शिक्षाएं मानवता की सेवा, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने 100वें सालाना दीवान को एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ सेवा और समर्पण की भावना को भी प्रोत्साहित करता है।

अंत में उन्होंने अरदास की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना को और सुदृढ़ बनाए।कार्यक्रम के दौरान संस्थान के स्टाफ और प्रशिक्षुओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।