खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, चार घंटे जाम में फंसे हजारों पर्यटक

खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, चार घंटे जाम में फंसे हजारों पर्यटक

चंबा/डलहौजी 14 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा/डलहौजी 14 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार को जाने वाले डलहौजी-लकड़मंडी मार्ग पर रविवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। भारी भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के चलते करीब चार घंटे तक भीषण जाम लगा रहा, जिसमें हजारों पर्यटक सड़क पर फंसे रहे। इस दौरान कई पर्यटक खज्जियार तक पहुंच ही नहीं सके और उन्हें बीच रास्ते से ही निराश होकर लौटना पड़ा।लकड़मंडी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जाम में फंसे पर्यटकों ने प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पर्यटन के नाम पर शुल्क तो वसूले जाते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाएं और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। उनका कहना था कि हर साल पर्यटन सीजन में भारी भीड़ उमड़ती है, इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर कोई ठोस योजना नजर नहीं आती।

पर्यटकों ने बताया कि घंटों जाम में फंसे रहने से उनका पूरा यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हो गया। परिवार के साथ आए लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ी। कई पर्यटकों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि भविष्य में भी ऐसे हालात रहे तो वे दोबारा इस क्षेत्र का रुख नहीं करेंगे।स्थानीय लोगों का भी कहना है कि डलहौजी-खज्जियार मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उसके अनुरूप पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की सुविधाएं नहीं बढ़ाई गई हैं। यही वजह है कि हर पर्यटन सीजन में जाम की समस्या आम बन चुकी है।पर्यटकों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पर्यटन सीजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सुनियोजित ट्रैफिक प्लान और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!