हिमाचल में 16 जून से जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, डिजिटल प्रणाली से होगा मकान सूचीकरण

हिमाचल में 16 जून से जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, डिजिटल प्रणाली से होगा मकान सूचीकरण

शिमला 15 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण की औपचारिक शुरुआत 16 जून 2026 से होने जा रही है। इस चरण में ‘मकान सूचीकरण और मकानों की गणना’ का कार्य किया जाएगा, जो 15 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित रहेगा। यह प्रक्रिया राज्य के सभी जिलों में एक साथ शुरू होगी और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।जनगणना कार्य निदेशालय के अनुसार, 13 जून 2026 तक सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिससे डेटा संग्रहण अधिक सटीक और पारदर्शी होगा। प्रगणक HLO मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।निदेशालय ने बताया कि जिन नागरिकों ने 1 से 15 जून 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना (Self-Enumeration) पूरी कर ली है, वे प्रगणकों को अपनी स्व-गणना आईडी उपलब्ध कराएंगे। वहीं, जो नागरिक ऐसा नहीं कर पाए हैं, उनके घरों पर प्रगणक स्वयं जाकर आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।इस चरण के दौरान प्रगणक 33 निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से मकान, परिवार की संरचना, पानी, बिजली, शौचालय, अनाज जैसी बुनियादी सुविधाओं और घरेलू उपकरणों की उपलब्धता से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि नागरिक प्रगणकों के आईडी कार्ड पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन कर उनकी पहचान की पुष्टि कर सकते हैं। साथ ही, जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की बैंक जानकारी, ओटीपी या वित्तीय दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। किसी भी संदेह की स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।निदेशालय ने प्रदेशवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग देने की अपील की है, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!