26 जून को मनाया जाएगा “एंटी चिट्टा दिवस”, जिला भर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

चम्बा, 18 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आगामी 26 जून को जिला चम्बा में “एंटी चिट्टा दिवस” मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला, उपमंडल तथा पंचायत स्तर पर नशामुक्त एवं चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने एंटी चिट्टा अभियान को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि 26 जून को सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में तथा सरकारी कार्यालयों में प्रातः 11 बजे एंटी चिट्टा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत स्तर पर भी जनसभाएं, रैलियां, और जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों, युवा मंडलों एवं महिला मंडलों से भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में इन संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इनके सहयोग से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, एसडीएम चम्बा प्रियांशु खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के अन्य उपमंडलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।