शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर सलूणी विद्यालय में एसएमसी का क्रमिक अनशन शुरू

सलूणी/ चम्बा 18 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलूणी में लंबे समय से शिक्षकों के रिक्त पदों को न भरने के विरोध में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। स्थानीय अभिभावकों और समिति के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए स्पष्ट किया है कि जब तक सभी खाली पदों को भरा नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।एसएमसी का कहना है कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे उनके भविष्य पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक न होने से छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।स्थानीय लोगों ने भी एसएमसी के इस आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।