नशा मुक्त भारत अभियान के तहत चम्बा में संकल्प कार्यक्रम आयोजित

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत चम्बा में संकल्प कार्यक्रम आयोजित

चम्बा, 19 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)



भारत सरकार द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जिला कल्याण कार्यालय, चम्बा द्वारा नशा उन्मूलन एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने की। इस अवसर पर कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने कहा कि नशा आज के समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है, जो न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि परिवार और सामाजिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है।

उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशे से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से जागरूक करने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी प्रतिज्ञा की कि वे युवाओं को नशे की लत से बचाने और जन-जागरूकता को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
जिला कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि “नशा मुक्त भारत अभियान” के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने के लिए जिला कल्याण विभाग द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने सभी से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!