नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी परिवहन का भंडाफोड़, सात वाहन जब्त

कांगड़ा 19 जून ,चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। सीआईए टीम ने 19 जून की सुबह रियाली पुल के समीप नियमित नाकाबंदी और गश्त के दौरान लकड़ी से लदे कई संदिग्ध वाहनों को जांच के लिए रोका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना फतेहपुर और पुलिस पोस्ट रे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।जांच के दौरान कुल छह पिकअप वाहन और एक कैंटर विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी एवं ईंधन लकड़ी से लदे पाए गए। जब वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, परमिट और लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वे कोई भी वैध कागजात दिखाने में असफल रहे। इससे अवैध लकड़ी परिवहन की आशंका और मजबूत हो गई।

इस संबंध में पुलिस थाना फतेहपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत मामला दर्ज कर कुल सात वाहनों और लकड़ी को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अब लकड़ी के स्रोत, स्वामित्व और इसके परिवहन की वैधता की गहन जांच कर रही है। इस प्रक्रिया में वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध वन कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ उनकी कार्रवाई आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
