राहुल गांधी के जन्मदिन पर चंबा में सेवा व पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने दिया सामाजिक न्याय का संदेश

चंबा, 19 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला कांग्रेस कमेटी चंबा द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।कार्यक्रम के तहत करियां क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और हर नागरिक को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

इसके अतिरिक्त, सरोल स्थित कुष्ठ रोगी अस्पताल में कार्यकर्ताओं द्वारा फल वितरण कर जरूरतमंदों की सेवा की गई। इस पहल के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने राहुल गांधी को जननायक और न्याय योद्धा बताते हुए कहा कि वे हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में सकारात्मक बदलाव संभव है।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने राहुल गांधी के राजनीतिक जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए उनके प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही युवाओं से अपील की गई कि वे राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाकर देश के विकास में योगदान दें।
