खब्बी धार में 25 जून को होगा भव्य नुआला कार्यक्रम, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण

खब्बी धार में 25 जून को होगा भव्य नुआला कार्यक्रम, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण

चम्बा, 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

खब्बी धार क्षेत्र में आगामी 25 जून को एक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन के प्रधान राजिंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि बड़ी जमुहार स्थित पवित्र नाग मंदिर परिसर में पारंपरिक नुआला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य खब्बी धार क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना तथा यहां की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे क्षेत्र की पहचान को नई दिशा मिल रही है।राजिंद्र ठाकुर ने बताया कि 25 जून की संध्या को भगवान शिव को समर्पित पारंपरिक नुआला कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान विधिवत माला पूजन, धार्मिक अनुष्ठान तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भगवान शिव एवं नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायक सुभाष कौशल अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा चम्बा की प्रसिद्ध ऐंचढ़ी टीम “केछी एंड पार्टी” द्वारा पारंपरिक नुआला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोज (धाम) की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन ने क्षेत्र के सभी लोगों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने तथा भगवान शिव एवं नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!