अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संत निरंकारी मिशन का राष्ट्रव्यापी अभियान, ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संत निरंकारी मिशन का राष्ट्रव्यापी अभियान, ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ का संदेश
चम्बा, 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
‘निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा’ के पावन संकल्प को साकार करते हुए संत निरंकारी मिशन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक व्यापक योग एवं आध्यात्मिक चेतना अभियान का आयोजन कर रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में यह अभियान मानव कल्याण, समग्र स्वास्थ्य और आत्मिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।सतगुरु माता जी का प्रेरणादायी संदेश “स्वस्थ मन, सहज जीवन” इस बात को रेखांकित करता है कि जीवन की वास्तविक समृद्धि केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक जागरूकता में निहित है। उनके अनुसार मानव शरीर परमात्मा की अनुपम देन है, जिसकी उचित देखभाल व्यक्ति को अपने सामाजिक, आध्यात्मिक और मानवीय कर्तव्यों के निर्वहन में सक्षम बनाती है।इस प्रेरणास्रोत भावना के अंतर्गत मिशन द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को प्रातः 6 बजे भारत के 1500 से अधिक केंद्रों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का आयोजन खुले मैदानों एवं पार्कों में किया जाएगा, जहां स्थानीय योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में श्रद्धालु, सेवादल स्वयंसेवक और आम नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है, जो यह संदेश देती है कि वास्तविक स्वास्थ्य केवल रोगमुक्त शरीर नहीं, बल्कि मानसिक स्थिरता, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना का समन्वय है। संत निरंकारी मिशन इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए योग को आत्मबोध, सकारात्मकता और विश्वबंधुत्व का माध्यम मानकर समाज में जागरूकता फैला रहा है।संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव श्री जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि वर्ष 2015 से यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को स्थापित करने में सहायक है।मिशन का उद्देश्य वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में लोगों को योग के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, संतुलित और आनंदमय जीवन की ओर प्रेरित करना है।
