भरमौर के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों व मूलभूत सुविधाओं की कमी पर उठी आवाज

भरमौर के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों व मूलभूत सुविधाओं की कमी पर उठी आवाज
भरमौर /चंबा 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्र भरमौर के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी, आधारभूत सुविधाओं के अभाव तथा रखरखाव बजट की समस्या को लेकर पंचायत समिति सदस्य सरिका कपूर ने हिमाचल प्रदेश विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के विद्यार्थियों को आ रही समस्याओं का विस्तृत उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई है।सरिका कपूर ने बताया कि भरमौर क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत कठिन और दूरस्थ है, जिसके चलते यहां के विद्यार्थियों को पहले से ही अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई विषयों के शिक्षक उपलब्ध न होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है।इसके अतिरिक्त ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई स्कूलों में डेस्क-बेंच की कमी, जर्जर कक्षाएं, शौचालयों का खराब रखरखाव, पेयजल व विद्युत व्यवस्था का अभाव तथा साफ-सफाई की अपर्याप्त व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। विद्यालय भवनों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध न होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि भरमौर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। साथ ही विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तथा विद्यालयों के रखरखाव, शौचालय, पेयजल और बिजली व्यवस्था के लिए विशेष बजट जारी किया जाए।सरिका कपूर ने विश्वास जताया कि सरकार और शिक्षा विभाग इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए भरमौर के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।