राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

चंबा 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी, शिक्षा खंड कियाणी में योग दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के महत्व को समझा।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ किया गया, जिसके बाद प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम करवाए गए। इसके उपरांत विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।

खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में हस्तपादोत्तानासन, ताड़ासन, वृक्षासन और त्रिकोणासन शामिल रहे। वहीं बैठकर किए जाने वाले आसनों में मंडूकासन, अर्ध ऊष्ट्रासन, तितली आसन, चक्की आसन, दंडासन और सिंहासन का अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा लेटकर किए जाने वाले आसनों में मकरासन, भुजंगासन, शलभासन और धनुरासन तथा पीठ के बल किए जाने वाले आसनों में मरकटासन, पवनमुक्तासन, नौकासन, सेतुबंधासन, पादवृत्तासन और शवासन का अभ्यास कराया गया।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम के साथ ध्यान का भी अभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ किया गया।योग प्रशिक्षण का संचालन योग प्रशिक्षक श्री महिंदर सिंह ने किया।

उन्होंने उपस्थित बच्चों और अभिभावकों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा सभी को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि श्री महिंदर सिंह प्रतिदिन प्रातः राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में निःशुल्क योग प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहे हैं।विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल ने योग प्रशिक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से श्री महिंदर सिंह को प्रशस्तिपत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!