बट्ट आईटीआई में एलायंस जॉब्स द्वारा रोजगार मेले का आयोजन, 25 अभ्यर्थियों का चयन

बट्ट आईटीआई में एलायंस जॉब्स द्वारा रोजगार मेले का आयोजन, 25 अभ्यर्थियों का चयन

डलहौजी/ चम्बा 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

बोंखरी मोड़ स्थित बट्ट आईटीआई में एलायंस जॉब्स के सहयोग से एक रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बताया कि इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना तथा उन्हें औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ना था।उन्होंने बताया कि एलायंस जॉब्स पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और हरियाणा की प्रतिष्ठित विनिर्माण एवं औद्योगिक कंपनियों के साथ मिलकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है। इस मेले में कंपनी की ओर से नियुक्ति प्रबंधक भारत शर्मा और एचआर प्रतिनिधि नवी कुमार उपस्थित रहे, जिन्होंने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया संपन्न करवाई।रोजगार मेले के दौरान मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, इलेक्ट्रिकल तकनीशियन, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, मोटर मैकेनिक व्हीकल (एमएमवी), डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, वायरमैन, स्टिचिंग ऑपरेटर, पीसीबी ऑपरेटर, एसएमटी ऑपरेटर, प्रोडक्शन एसोसिएट, सीएनसी ऑपरेटर, हेल्पर तथा क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे विभिन्न पदों के लिए इंटरव्यू लिए गए।

इस अवसर पर लगभग 100 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 25 उम्मीदवारों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मोहाली, बद्दी, परवाणू और फगवाड़ा स्थित औद्योगिक इकाइयों में नियुक्ति दी जा सकती है। चयनित उम्मीदवारों को 15,500 रुपये से 25,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन के साथ ओवरटाइम, उपस्थिति बोनस, ईपीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।परवेज अली बट्ट ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान युवाओं को उनके घर-द्वार पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!