चुवाड़ी ब्लॉक समिति पर कांग्रेस का कब्जा, लाल सिंह नाथ बने चेयरमैन, संजना वाइस चेयरमैन

भटीयात/ चम्बा 20 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुवाड़ी ब्लॉक समिति में कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर अपना मजबूत जनाधार साबित करते हुए चेयरमैन और वाइस चेयरमैन दोनों पदों पर कब्जा जमाया है। चेयरमैन पद के लिए लाल सिंह नाथ तथा वाइस चेयरमैन पद के लिए संजना का चयन किया गया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल देखा गया।इस महत्वपूर्ण अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई। आधिकारिक घोषणा के बाद नवनिर्वाचित चेयरमैन लाल सिंह नाथ एवं वाइस चेयरमैन संजना ने विधानसभा अध्यक्ष का आशीर्वाद लिया और उन्हें विश्वास दिलाया कि वे अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।लाल सिंह नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि वे क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। वहीं संजना ने भी कहा कि वे महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।चुवाड़ी ब्लॉक समिति में कांग्रेस की इस जीत को आगामी चुनावों के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस सफलता को लेकर खासा उत्साह है और इसे संगठन की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।