26 जून को चंबा में एंटी चिट्टा रैली, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दिखाएंगे हरी झंडी

चंबा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में 26 जून को नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे बचत भवन में किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रतिभागियों को नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाएंगे। इसके पश्चात जिला मुख्यालय में एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी।जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे निपटने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।