पांगी घाटी के विकास को लेकर एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने प्रबुद्ध नागरिकों से किया संवाद

पांगी घाटी के विकास को लेकर एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने प्रबुद्ध नागरिकों से किया संवाद

पांगी/चंबा , 25 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने अपने पांगी घाटी दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों तथा युवाओं के साथ व्यापक संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

ललित ठाकुर ने कहा कि पांगी घाटी भले ही प्रदेश का एक दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्र है, लेकिन यहां विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बागवानी, पेयजल, संचार सुविधाओं तथा युवाओं के रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र की समस्याओं और विकास से संबंधित अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा।

एपीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि पांगी के किसानों और बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कृषि एवं बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच सीधा संवाद ही विकास की गति को तेज करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। ललित ठाकुर ने पांगीवासियों द्वारा दिए गए सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!