जिला चम्बा में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 50 हजार से अधिक बच्चों को खुराक देने का लक्ष्य

चम्बा, 28 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (आईपीपीआई) के तहत रविवार को जिला चम्बा में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने अभियान की शुरुआत करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 50,759 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए पूरे जिले में 542 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें 12 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त, यात्रियों एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए तीन ट्रांजिट प्वाइंट भी बनाए गए हैं। ये ट्रांजिट प्वाइंट चम्बा बस स्टैंड, समोट बस स्टैंड तथा तुनुहट्टी चेक पोस्ट पर स्थापित किए गए हैं।उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के लगभग 1,800 अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य सहयोगी पूरी तत्परता और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

सभी टीमें घर-घर जाकर भी ऐसे बच्चों तक पहुंच बनाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाते हैं।स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से यह भी आग्रह किया है कि यदि कोई बच्चा पोलियो खुराक लेने से वंचित रह जाए, तो वे तुरंत स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क कर उसे खुराक अवश्य दिलवाएं। इस अभियान का उद्देश्य जिला चम्बा को पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूत करना है।
