बड़ा भंगाल के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी सौगातें: महिलाओं को ₹1500, इको टूरिज्म और 24 घंटे बिजली की घोषणा

कांगड़ा, 28 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल का ऐतिहासिक दौरा किया और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 के बाद यह पहला अवसर है जब किसी मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र का दौरा किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू यहां रात्रि प्रवास करने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बनेंगे।इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत ₹1500 प्रतिमाह देने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर सेट स्थापित किए जाएंगे।शिक्षा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने अहम कदम उठाते हुए कहा कि बड़ा भंगाल के स्कूली बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए इंसेंटिव दिया जाएगा।

साथ ही, आसपास के स्कूलों को नोडल स्कूल बनाया जाएगा ताकि यहां के बच्चे बीड़ जैसे क्षेत्रों में जाकर बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को शीघ्र विस्तृत कार्य योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती से उगाए गए राजमाह पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करेगी, जिससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।कृषि विभाग को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाए और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इसके साथ ही भेड़ पालकों के लिए बड़ी राहत देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उनसे मांस की उचित मूल्य पर खरीद करेगी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने क्षेत्र में आपदा के दौरान हुए नुकसान का भी जायजा लिया और स्थानीय लोगों के संघर्षपूर्ण जीवन को करीब से समझा। इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल भी उपस्थित रहे।