पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के अंतर्गत विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन

डलहौजी/ चम्बा 29 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में 17 जून से 26 जून 2026 तक ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
सप्ताह भर चले इस अभियान के दौरान प्रार्थना सभा में नशामुक्ति का संदेश दिया गया तथा विद्यार्थियों के लिए शपथ ग्रहण, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, चित्रकला, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतिम दिन विद्यालय द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं बैनर लेकर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को नशामुक्ति का संदेश दिया।

विद्यालय की प्राचार्या करमजीत कौर ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।