सरस्वती पैराडाइज पब्लिक स्कूल का प्रशासनिक निरीक्षण, विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि :- ज्योति राणा

शिमला, 03 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की सुरक्षा और विद्यालय के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरस्वती पैराडाइज पब्लिक स्कूल, संजौली का विस्तृत प्रशासनिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान नियुक्त प्रशासक एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान ज्योति राणा ने विभिन्न कक्षाओं का दौरा कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, कक्षा संचालन और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव उनके समक्ष रखे, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुनते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ज्योति राणा ने कहा कि जिला प्रशासन उनकी शिक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी छात्र के भविष्य से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित होंगी और शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही उन्होंने छात्रों को अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और कक्षाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और किसी भी समस्या को प्रशासन के साथ साझा करें। ज्योति राणा ने विश्वास जताया कि प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक मजबूत होगा।