डलहौज़ी में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, हूटर बजाने वाला पर्यटक वाहन जब्त

डलहौजी/चम्बा 03 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पर्यटन नगरी डलहौज़ी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस ने अमृतसर (पंजाब) से आए एक पर्यटक वाहन को अनधिकृत रूप से हूटर बजाने और आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर मौके पर ही जब्त कर लिया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांत एवं संवेदनशील पर्यटन क्षेत्र डलहौज़ी में अवैध रूप से हूटर बजाने की शिकायत मिलने के बाद संबंधित वाहन को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन चालक द्वारा न केवल यातायात नियमों की अवहेलना की जा रही थी, बल्कि वाहन के जरूरी दस्तावेज भी पूर्ण नहीं थे।

इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।यह कार्रवाई डीएसपी डलहौज़ी मयंक शर्मा के निर्देश पर ट्रैफिक विंग के एचएएसआई देस राज द्वारा की गई। मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वाहन चालक के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।डीएसपी मयंक शर्मा ने कहा कि डलहौज़ी आने वाले सभी पर्यटक प्रशासन के लिए सम्मानित अतिथि हैं, लेकिन यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और स्थानीय नियमों का पालन करें, ताकि क्षेत्र की शांति और सुरक्षा बनी रहे। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।