भरमौर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, गैहरा के समीप बस पर गिरे पत्थर, एक की मौत, चार घायल

भरमौर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, गैहरा के समीप बस पर गिरे पत्थर, एक की मौत, चार घायल

चंबा, 5 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा-भरमौर मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब गैहरा के समीप एक निजी बस पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री चंबा के चौरासी परिसर में गत रात आयोजित शिवा नुआला कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे जब बस गैहरा के पास पहुंची, तभी अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरकर बस से टकरा गए। पत्थरों की चपेट में आने से बस में बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण पहाड़ी से पत्थरों का अचानक गिरना बताया जा रहा है।एसपी चंबा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मृतक और घायलों की पहचान की जा रही है तथा हादसे से संबंधित अन्य तथ्यों को भी एकत्र किया जा रहा है।प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!