ऑनलाइन पंजीकरण होगा अनिवार्य मणिमहेश यात्रा को लेकर डीसी चंबा की अहम अपील

ऑनलाइन पंजीकरण होगा अनिवार्य मणिमहेश यात्रा को लेकर डीसी चंबा की अहम अपील

चंबा, 06 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

पवित्र मणिमहेश यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त चंबा मुकेश रिप्सवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा मरम्मत एवं बहाली का कार्य पुनः शुरू कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान की जा सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। बिना पंजीकरण के किसी भी व्यक्ति को यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अवश्य करवाएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।उपायुक्त ने यह भी बताया कि वर्तमान समय में भी कुछ श्रद्धालु मणिमहेश की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हड़सर से ऊपर वन विभाग द्वारा एक चेक पोस्ट स्थापित किया गया है। इस चेक पोस्ट पर प्रत्येक श्रद्धालु की एंट्री दर्ज की जा रही है, जिससे यात्रियों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा सके।प्रशासन का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन करना सभी की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।मणिमहेश यात्रा हिमाचल प्रदेश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा उठाए गए ये कदम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!