क्रूंटू सेरी (मैहला) में लगातार भू-स्खलन से बढ़ा खतरा, पंचायत ने उठाई स्थायी समाधान की मांग

चंबा, 06 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकास खंड मैहला के अंतर्गत ग्राम पंचायत बलोठ के ‘क्रूंटू सेरी’ क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से जारी भू-स्खलन की समस्या अब गंभीर रूप धारण कर चुकी है। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण यहां की ‘घार’ से जुड़े मुख्य मार्ग और एम्बुलेंस योग्य सड़कें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही खतरे में पड़ गई है।पंचायत प्रधान द्वारा प्रशासन को भेजे गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि यह मार्ग दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ता है। वर्तमान स्थिति में सड़क और पैदल रास्ते पूरी तरह जोखिम में हैं, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस सेवाएं भी बाधित हो रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

पंचायत ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। प्रस्तावित उपायों में घार के दोनों किनारों पर मजबूत क्रेट व रिटेनिंग वॉल का निर्माण, मृदा अपरदन रोकने के लिए वन विभाग के माध्यम से वृक्षारोपण, तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और रास्तों की शीघ्र मरम्मत शामिल हैं।पंचायत का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भयावह हो सकती है। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से शीघ्र बजट स्वीकृत करने और कार्य आरंभ करने की अपील की गई है।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।