जनजातीय क्षेत्रों में साइंस संकाय जारी रहेगा, कोई समझौता नहीं, एडवोकेट सुरजीत शर्मा

चम्बा 06 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी के महाविद्यालयों में साइंस संकाय को लेकर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा है कि इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुविधा पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और साइंस संकाय यथावत जारी रहेगा।एडवोकेट सुरजीत शर्मा ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में भरमौर में साइंस संकाय को बंद कर दिया गया था, जिससे स्थानीय छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही इस संकाय को पुनः बहाल किया गया और शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा गया।उन्होंने आगे कहा कि भरमौर, पांगी और लिल्ह कोठी जैसे दुर्गम जनजातीय क्षेत्रों में ‘घर-द्वार पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’ उपलब्ध करवाना कांग्रेस सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े।एडवोकेट शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के शैक्षणिक ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस सरकार शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।