नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता अभियान, योजनाओं और नशा निवारण पर दिया जोर

चम्बा 08 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं तथा जन कल्याणकारी नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चम्बा और भटियात उपमंडलों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में आज संतोष जागृति कला मंच के कलाकारों ने उपमंडल चम्बा की हरिपुर और मंगला ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। वहीं, आर्ट ऐंड कल्चर ग्रुप सराहन के कलाकारों ने भटियात उपमंडल की कामला और सिहुंता ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम प्रस्तुत कर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केंद्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास योजनाएं, छात्रवृत्ति योजनाएं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी दी।

कलाकारों ने गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित भी किया।इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के जरिए नशा निवारण का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को स्वस्थ बनाने का आह्वान किया।इससे पूर्व 7 जुलाई को भी अभियान के तहत संतोष जागृति कला मंच द्वारा चम्बा उपमंडल की साहो और प्रोथा पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। वहीं चम्बा रंग दर्शन दल ने सलूणी उपमंडल की भलेई और सुंडला पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाकर योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई थी।इस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक हो रहे हैं।
