मेलों-उत्सवों में गतिविधियां बढ़ाकर पर्यटन को दें बढ़ावा :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

मेलों-उत्सवों में गतिविधियां बढ़ाकर पर्यटन को दें बढ़ावा :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चम्बा, 08 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जिला के प्रमुख मेलों और उत्सवों में विविध गतिविधियों को शामिल कर पर्यटन को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। वे ‘चलो चम्बा’ अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और जिले में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाए और भविष्य के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रमुख मेलों, उत्सवों और पर्यटन गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए, ताकि बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जा सके।

उन्होंने बताया कि 26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का इस वर्ष उपमंडल स्तर पर भी आयोजन किया जाएगा। मेले के शुभारंभ अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मिंजर ध्वज फहराया जाएगा तथा पंचायत स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।उपायुक्त ने आगे बताया कि अक्टूबर माह में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता और चुराह उत्सव के आयोजन से जिले में साहसिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने वन विभाग द्वारा लमडल और दुआट महादेव के लिए विकसित किए जा रहे ट्रैक रूट की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा खब्बी धार के लिए प्रस्तावित ट्रैक रूट का प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने तथा वहां पर्यटकों की सुविधा हेतु शौचालय और डस्टबिन उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!