चम्बा जिला परिषद में नेतृत्व चयन—रेखा ठाकुर अध्यक्ष, लियाकत अली खान उपाध्यक्ष निर्वाचित

चम्बा जिला परिषद में नेतृत्व चयन—रेखा ठाकुर अध्यक्ष, लियाकत अली खान उपाध्यक्ष निर्वाचित

चम्बा, 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला परिषद चम्बा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आज बचत भवन में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। यह निर्वाचन हिमाचल प्रदेश पंचायती राज नियम, 1994 के प्रावधानों के तहत आयोजित किया गया, जिसमें सभी 18 जिला परिषद सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने की।निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए बयाणा वार्ड से रेखा ठाकुर और जियूँता वार्ड से मीनाक्षी कपूर के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में रेखा ठाकुर को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि मीनाक्षी कपूर को 8 मत मिले।

इस प्रकार रेखा ठाकुर को जिला परिषद चम्बा का नया अध्यक्ष घोषित किया गया।इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए सरोल वार्ड से लियाकत अली खान और गैहरा वार्ड से सुनील दत्त के बीच चुनाव हुआ। इसमें लियाकत अली खान को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुनील दत्त को 8 मत मिले। परिणामस्वरूप लियाकत अली खान को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा तथा जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव जिला परिषद महेश चंद ठाकुर भी उपस्थित रहे।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे जिला परिषद के माध्यम से चम्बा के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित सदस्यों की सहभागिता से विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनहित की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!