300 यूनिट मुफ्त बिजली के लाभ हेतु बीपीएल उपभोक्ताओं को प्रमाणपत्र जमा करने का निर्देश

डलहौजी/ चम्बा 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विद्युत उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल डलहौजी द्वारा जारी निर्देशों में सभी पात्र उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने बीपीएल प्रमाणपत्र जमा करवाएं, ताकि उन्हें राज्य सरकार द्वारा दी जा रही 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिल सके।जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी बीपीएल उपभोक्ताओं को अगले पांच दिनों के भीतर विद्युत उपमंडल डलहौजी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर या अपने-अपने क्षेत्र के बिलिंग डिस्ट्रीब्यूटर अथवा कनिष्ठ अभियंता के माध्यम से बीपीएल प्रमाणपत्र उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को अपने हालिया बिजली बिल की फोटो कॉपी या उपभोक्ता पहचान पत्र भी जमा करवाना होगा, ताकि लाभार्थियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा सके।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया केवल योग्य और पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। यदि कोई उपभोक्ता निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करता है, तो उसे मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिलने में देरी या बाधा आ सकती है।उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्युत उपमंडल डलहौजी कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुला रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर अपने दस्तावेज जमा कर सकें।विभाग ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए शीघ्र अपने दस्तावेज जमा करवाएं और सरकारी योजना का पूरा लाभ प्राप्त करें।