तेलका मे गैस आपूर्ति ठप होने से कई स्कूलों में मिड-डे मील व्यवस्था प्रभावित

तेलका मे गैस आपूर्ति ठप होने से कई स्कूलों में मिड-डे मील व्यवस्था प्रभावित

सलूणी/चम्बा 16 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के तेलका क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में पिछले करीब डेढ़ माह से गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण मिड-डे मील योजना गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। जानकारी के अनुसार, डलहौज़ी गैस एजेंसी द्वारा समय पर सिलेंडर उपलब्ध न करवाए जाने से स्कूलों में भोजन बनाने की नियमित व्यवस्था चरमरा गई है।राजकीय प्राथमिक एवं उच्च पाठशाला द्रेकड़ी में स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक बनी हुई है, जहां रसोइयों को मजबूरन लकड़ी के चूल्हों पर भोजन तैयार करना पड़ रहा है। इससे न केवल भोजन बनाने में अधिक समय लग रहा है, बल्कि रसोइयों को अतिरिक्त श्रम करना पड़ रहा है। साथ ही, धुएं के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।इस मुद्दे को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सदस्यों ने गहरी चिंता व्यक्त की।

समिति का कहना है कि बच्चों के लिए चल रही मिड-डे मील योजना एक महत्वपूर्ण सरकारी पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में गैस आपूर्ति में लापरवाही से बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।एसएमसी ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि डलहौज़ी गैस एजेंसी के माध्यम से स्कूलों में गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की है, ताकि बच्चों के भोजन से जुड़ी इस आवश्यक व्यवस्था को सुचारु रूप से बहाल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!