भरमौर के GHS बंदला में शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

भरमौर के GHS बंदला में शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

भरमौर/चम्बा 16 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंदला से जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक सुरजीत सिंह भरमौरी से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय उच्च विद्यालय (GHS) बंदला में अध्ययनरत 108 विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई और एक ज्ञापन सौंपा।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्यालय में TGT (नॉन-मेडिकल) और भाषा अध्यापक के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विशेषकर विज्ञान और भाषा विषयों में शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इन पदों को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरजीत सिंह भरमौरी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूरभाष के माध्यम से प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से संपर्क साधा। उन्होंने शिक्षा मंत्री के समक्ष दोनों रिक्त पदों को शीघ्र भरने का प्रस्ताव रखा और विद्यालय की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया। इस पर शिक्षा मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।सुरजीत सिंह भरमौरी ने कहा कि शिक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने विश्वास जताया कि संबंधित विभाग शीघ्र कदम उठाएगा और दोनों पदों को भरकर विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर होगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!