कढ़ू नाला हादसे के बाद उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया स्थल निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा

कढ़ू नाला हादसे के बाद उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया स्थल निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा

चंबा, 25 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जनजातीय क्षेत्र पांगी में कढ़ू नाला के समीप 24 जुलाई को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संसारी–किलाड़–थिरोट–तांदी सड़क मार्ग पर पहुंचकर दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से हादसे के कारणों तथा सड़क की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।गौरतलब है कि 24 जुलाई 2026 को कुल्लू से पांगी जा रहा एक वाहन (HP-01M-2210) कढ़ू नाला के पास पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आ गया था, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।

इस घटना में कई परिवार प्रभावित हुए और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी, चेतावनी संकेतक लगाने तथा सड़क की समय-समय पर मरम्मत अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।इस अवसर पर आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने जानकारी दी कि हादसे से प्रभावित सभी 10 परिवारों तक प्रशासन की टीम पहुंच चुकी है।

तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने घर-घर जाकर राहत राशि वितरित की है और प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि इस दुखद घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान उपायुक्त ने साच स्थित हाइड्रो पावर हाउस का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!