अग्निवीर भर्ती 2026, कांगड़ा-चंबा के अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी

चंबा, 25 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर द्वारा अग्निवीर भर्ती 2026 के अंतर्गत कांगड़ा और चंबा जिलों के अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों के उम्मीदवार 21 जुलाई 2026 से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं और 8वीं पास) श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और उसमें दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।कर्नल शाह ने कहा कि जिन उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी हो रही है, वे सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर से सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए ई-मेल और दूरभाष सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 1 अगस्त 2026 से यूथ सर्विसेज हिमाचल प्रदेश के स्पोर्ट्स सिंथेटिक ट्रैक, धर्मशाला में किया जाएगा। वहीं, कुछ श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा 2 और 3 अक्टूबर 2026 को अनु सिंथेटिक ट्रैक, हमीरपुर में आयोजित होगी।उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा स्थल पर निर्धारित तिथि और समय के अनुसार ही उपस्थित हों। साथ ही, सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र तथा इंडेम्निटी बॉन्ड साथ लाना अनिवार्य है। दस्तावेजों की कमी होने पर अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।कर्नल विशाल शाह ने यह भी कहा कि अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़े रहें, ताकि उन्हें समय-समय पर महत्वपूर्ण अपडेट मिलते रहें।