11 अगस्त को बिलासपुर में लघु रोजगार मेला, 610 पदों पर होगी भर्ती

बिलासपुर, 08 अगस्त चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर द्वारा आगामी 11 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की चार प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से कुल 610 विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने दी।उन्होंने बताया कि बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड द्वारा किचन हेल्पर और स्टीवर्ड के 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं पास तथा 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 11,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ पीएफ और ईएसआई की सुविधा प्रदान की जाएगी। कार्यस्थल दिल्ली, पुणे, मुंबई, गुजरात, चेन्नई और बेंगलुरु रहेगा।इसी प्रकार इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा बिजनेस एसोसिएट के 20 पदों के लिए स्नातक पास और 25 से 50 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इनका कार्यस्थल बिलासपुर रहेगा।एयर प्लाजा रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (विशाल मेगा मार्ट) द्वारा सेल्स एसोसिएट के 10 पदों के लिए 10+2 अथवा स्नातक पास तथा 18 से 35 वर्ष आयु के उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 12,700 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।इसके अतिरिक्त एसआईएस इंडिया लिमिटेड द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 80 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 19 से 40 वर्ष आयु, न्यूनतम 168 सेंटीमीटर लंबाई तथा निर्धारित शारीरिक मापदंड आवश्यक होंगे।रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि व समय पर पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाईल नम्बर 70098-18303 से संपर्क किया जा सकता है।