तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर भीषण बस हादसा, 7 लोगो की दुःखद मौ#त, 11 घायल

तीसा 08 अगस्त दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा जिले के उपमंडल चुराह में शनिवार सुबह तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। हादसा चलुंज नाले के समीप उस समय हुआ जब देवीकोठी से चंबा की ओर जा रही शर्मा बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नीचे दूसरी सड़क पर जा पहुंची। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जगदेव (48), हरदेई (45), देश राज (33), जगदेई (24), रूप सिंह (36), तेज सिंह (39) और नीलमा (39) के रूप में हुई है। सभी मृतक चुराह क्षेत्र के विभिन्न गांवों से संबंधित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।

घायलों में साहिल (18), सुश्मिता (32), पिंयका (5), हरशु (4), पन्नो देवी (लगभग 41), काविया (11), धन्नी (40), धर्मी देवी (62), विजय कुमार (34), अर्पित मंगल (11) और नेहा (10) शामिल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।