स्वतंत्रता दिवस पर डीएवी स्कूल सुरंगानी में भव्य समारोह आयोजित, विधायक डीएस ठाकुर रहे मुख्य अतिथि

स्वतंत्रता दिवस पर डीएवी स्कूल सुरंगानी में भव्य समारोह आयोजित, विधायक डीएस ठाकुर रहे मुख्य अतिथि

सुरगांनी/ चम्बा 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

,

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर डीएवी (DAV) स्कूल, सुरंगानी में एक भव्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि एनएचपीसी (NHPC) सुरंगानी के महाप्रबंधक दीपक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के छात्रों ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों, समूह गान तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया और पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया।मुख्य अतिथि विधायक डीएस ठाकुर ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों को याद करने का अवसर है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश शर्मा तथा समस्त स्कूल परिवार को इस सफल और शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही आयोजन में मिले सम्मान के लिए अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी में देशप्रेम और राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

समारोह के अंत में विधायक डीएस ठाकुर ने सभी क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!