राजकीय उच्च विद्यालय जटकरी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

चंबा, 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय उच्च विद्यालय जटकरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी), “नारी अदालत समूह” के सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं एसएमसी अध्यक्ष निर्मला देवी तथा विद्यालय के मुख्याध्यापक पंकज कपूर द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीतों और समूह नृत्य के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया, जबकि वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भाषणों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के दौरान “नारी अदालत समूह” ने विद्यालय को गोद लेने (एडॉप्ट) की घोषणा करते हुए जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि श्रीमती निर्मला देवी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना आज की युवा पीढ़ी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

विद्यालय के मुख्याध्यापक पंकज कपूर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, एसएमसी सदस्यों तथा अतिथियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई।इस अवसर पर शिक्षक पवन कुमार, असीम कुमार, बलवीर सिंह, अजीत कुमार, कमल प्रकाश, मान सिंह, अनिमष, मंजू बाला, ममता रानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
