80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू का संकल्प: चिट्टा-मुक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध हिमाचल का निर्माण

80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू का संकल्प: चिट्टा-मुक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध हिमाचल का निर्माण

बड़सर/हमीरपुर 15 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और संकल्पों को साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक ऐसे हिमाचल के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है, जहां विकास के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि चिट्टा और अन्य नशे की बढ़ती समस्या से निपटना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मुहिम में भागीदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि तकनीक और नवाचार के माध्यम से विकास को नई गति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचें और युवाओं को अपने कौशल और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर हिमाचल का सपना तभी साकार होगा जब शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और तकनीकी विकास को एक साथ मजबूत किया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता, पर्वतीय विरासत और समृद्ध संस्कृति है। विकास की नई ऊंचाइयों को छूते हुए इन धरोहरों का संरक्षण करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर प्रदेश सरकार का संकल्प ऐसा हिमाचल बनाने का है, जहां हर परिवार का जीवन स्तर बेहतर हो और नई पीढ़ी गर्व के साथ कह सके कि उन्हें हिमाचली होने पर गर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!