रिहाली मेले के समापन समारोह में पहुंचे विक्रमादित्य सिंह, क्षेत्रीय विकास और सड़क परियोजनाओं की दी सौगात

शिमला 16 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने देवठी-शिलाघुंड स्थित ग्रहणेश्वर मेला कमेटी द्वारा आयोजित रिहाली मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों, स्थानीय लोगों और सांस्कृतिक दलों का भव्य स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ऐसे मेले क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जाता है, जिससे समाज में आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दौरे के दौरान उन्हें क्षेत्र की कई जमीनी और प्रशासनिक समस्याओं की जानकारी मिली है। विभिन्न विभागों के डिवीजन अलग-अलग प्रशासनिक क्षेत्रों में होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री के समक्ष रखने और समाधान के लिए विशेष प्रयास करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 130 करोड़ रुपये सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं। बागड़ी लिंक रोड के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे और इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा करगोली नाला-चंबल सड़क पर 10 करोड़, कुठार-कनौरी सड़क पर 9.5 करोड़ तथा बासाधार-ज्ञानकोट सड़क पर 9.7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं छैला-सैंज-नेरी पुल-यशवंत नगर सड़क परियोजना के लिए 239 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।

मंत्री ने घोषणा की कि सड़क निर्माण के लिए 10 बीघा से अधिक भूमि दान देने वाले व्यक्ति के नाम पर संबंधित सड़क का नाम रखा जाएगा। उन्होंने स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 5 लाख रुपये, प्रत्येक ठोडा दल के लिए 10-10 हजार रुपये तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मोकटा, मेला कमेटी अध्यक्ष अर्जुन देव सिंह, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
