बीएससी नर्सिंग परीक्षा में सानिया मिर्जा ने हासिल किया विश्वविद्यालय स्तर पर 13वां स्थान

डलहौजी/ चम्बा 18 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी, मंडी द्वारा घोषित बीएससी नर्सिंग पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बोंखरी मोड़ की प्रशिक्षु सानिया मिर्जा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर 13वां स्थान प्राप्त किया है। सानिया ने 8.09 सीजीपीए अंक हासिल कर न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि संस्थान और क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।सानिया मिर्जा की इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कॉलेज प्रबंधन ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान बनाना किसी भी विद्यार्थी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है और सानिया ने अपनी मेहनत, लगन तथा अनुशासित अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए सानिया मिर्जा ने इसका श्रेय कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग तथा निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और परिवार के प्रोत्साहन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।कॉलेज के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने सानिया को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि सानिया ने साबित कर दिया है कि समर्पण और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सानिया के अभिभावकों और कॉलेज के समस्त स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।परवेज अली बट्ट ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सानिया की यह सफलता अन्य प्रशिक्षुओं को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित करेगी। कॉलेज प्रबंधन ने सानिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
