नेपाल में प्राकृतिक आपदा: चंबा प्रशासन ने नेपाल में फंसे लोगों की जानकारी मांगी

नेपाल में प्राकृतिक आपदा: चंबा प्रशासन ने नेपाल में फंसे लोगों की जानकारी मांगी

चंबा 27 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

नेपाल में हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर जिला प्रशासन चंबा ने जिले से संबंधित ऐसे लोगों की जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, जो घटना के समय नेपाल में मौजूद थे और जिनसे अभी तक उनके परिजनों अथवा परिचितों का संपर्क नहीं हो पाया है। प्रशासन ने प्रभावित व्यक्तियों की पहचान और उनके परिजनों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए यह जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने जिले के लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन, रिश्तेदार या परिचित प्राकृतिक आपदा के दौरान नेपाल में मौजूद था और वर्तमान में उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है, तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को तुरंत उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में ठहरने का स्थान और अन्य उपलब्ध जानकारी प्रशासन के साथ साझा की जाए, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा सके।उपायुक्त ने बताया कि प्राप्त जानकारी को संबंधित अधिकारियों और आवश्यक एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल में मौजूद चंबा जिले से संबंधित लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाना तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाना है।उन्होंने लोगों से विशेष रूप से आग्रह किया कि प्रशासन को केवल सही, तथ्यात्मक और सत्यापित जानकारी ही उपलब्ध करवाई जाए, ताकि राहत एवं समन्वय कार्यों में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।जिला प्रशासन ने प्रभावित व्यक्तियों के परिजनों से अपील की है कि वे बिना देरी किए उपलब्ध माध्यमों से सूचना साझा करें। इस संबंध में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 9816698166, हेल्पलाइन नंबर 1077 तथा ई-मेल ddmachamba@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।प्रशासन ने कहा है कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई और समन्वय सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!