मिशन वात्सल्य के तहत 22 नए बच्चों को मिलेगा प्रायोजन का लाभ, 69 बच्चों के लिए आर्थिक सहायता मंजूर

मिशन वात्सल्य के तहत 22 नए बच्चों को मिलेगा प्रायोजन का लाभ, 69 बच्चों के लिए आर्थिक सहायता मंजूर

चंबा 02 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत प्रायोजन एवं पालक देखभाल अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही आर्थिक एवं सामाजिक सहायता, प्रायोजन योजना के तहत पात्र बच्चों को लाभान्वित करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, कल्याण और समुचित विकास के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र बच्चों की पहचान प्रक्रिया को मजबूत करने और सभी मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता की निरंतरता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा सरकारी सहायता से वंचित न रहे।

बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्रायोजन कार्यक्रम के तहत 92 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 26 बच्चों के संबंध में बाल कल्याण समिति द्वारा योजना का लाभ समाप्त किए जाने के मामलों से समिति को अवगत करवाया गया। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि योजना से बाहर किए गए बच्चों में पात्र बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ‘सुख आश्रय’ अथवा ‘सुख शिक्षा’ योजना से जोड़ने की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।बैठक में 22 नए बच्चों को प्रायोजन योजना के तहत लाभ प्रदान करने के मामलों पर भी चर्चा हुई। पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की समीक्षा के बाद समिति ने सभी 22 मामलों को अनुमोदित कर दिया।इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 69 बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। उपायुक्त ने पात्र बच्चों को नियमानुसार समयबद्ध सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर महिला एवं बाल विकास निदेशालय से पत्राचार करने को भी कहा।बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी राजेश राम, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष युगल किशोर मरवाह, बाल संरक्षण अधिकारी रिंकू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!